NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती हैं। 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा पेपर लीक की आशंकाओं और अनियमितताओं के कारण रद्द कर दी गई थी। इसके बाद परीक्षा को दोबारा कराने का फैसला लिया गया और नई तारीख 21 जून 2026 निर्धारित की गई। इसी बीच परीक्षा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।

22 जून तक एक्सेस नहीं कर पाएंगी टेलीग्राम

NTA द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत जारी निर्देशों के अनुसार टेलीग्राम का एक्सेस 22 जून 2026 तक सीमित अवधि के लिए बंद रहेगा। यह प्रतिबंध विशेष रूप से NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा और उसके तुरंत बाद की अवधि को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है। NTA ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि यह निर्णय परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक था।

सरकार ने क्यों लागू की अस्थायी रोक?

प्रेस रिलीज में बताया गया है कि जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ संगठित नकल गिरोह और धोखाधड़ी करने वाले नेटवर्क टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का उपयोग छात्रों को गुमराह करने तथा कथित पेपर लीक से जुड़े दावे फैलाने के लिए कर रहे थे। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए सरकार ने यह अस्थायी रोक लागू की है।

प्रतिबंध 30 जून 2026 तक रहेगा प्रभावी

इसके अलावा, NTA ने बताया कि एक अन्य निर्देश के तहत टेलीग्राम को भारत में अपने मैसेज-एडिटिंग फीचर पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाना होगा। यह प्रतिबंध 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। एजेंसी के अनुसार, कुछ मामलों में मैसेज एडिटिंग फीचर का इस्तेमाल परीक्षा के बाद फर्जी सबूत तैयार करने और पेपर लीक के झूठे दावे पेश करने के लिए किया गया था। इसी कारण इस सुविधा को सीमित अवधि के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है।

NTA ने प्रतिबंध पर कहा

NTA ने अपने बयान में कहा कि ये दोनों कदम सार्वजनिक व्यवस्था और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए उठाए गए हैं। एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई यह कार्रवाई 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Written By: Geeta Sharma