सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस वक्त कई धमाकों की आवाज सुनाई दी, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात कर रहे थे। रिपोर्टों के मुताबिक, धमाके उस इलाके में हुए जहां फोर सीजन्स होटल स्थित है और जहां मैक्रों के ठहरने की बात बताई गई थी। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में एक जलती हुई गाड़ी और सड़क पर खून के धब्बे दिखाई देने का दावा किया गया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, धमाकों के कारण और जिम्मेदारों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

दमिश्क में मैक्रों की मौजूदगी के दौरान दो धमाके

सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के बीचोंबीच दो धमाकों की आवाज सुनाई दी। सीरियाई अखबार अल-वतन और सीरिया टीवी नेटवर्क के मुताबिक, धमाकों के बाद घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक गाड़ी में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि सड़क पर खून के धब्बे नजर आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं। किसी भी संगठन ने अब तक धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है।

सीरिया के दौरे पर थे राष्ट्रपति मैक्रों 

यह घटना उस वक्त हुई जब राष्ट्रपति मैक्रों सीरिया के दौरे पर थे और सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात कर रहे थे। दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे में राजधानी के संवेदनशील इलाके में धमाकों की खबर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है। इससे पहले भी दमिश्क में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई थी। कुछ दिन पहले जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटने की खबर आई थी, जिसमें कई लोगों के हताहत होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां धमाकों की जांच में जुटी हैं। हमले के पीछे की वजह और जिम्मेदारों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मैक्रों और अहमद अल-शरा की मुलाकात पर इस घटना का क्या असर पड़ा, इस पर भी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

 

Written By: Archana Gupta