भारत में हाइब्रिड कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। पेट्रोल की बचत, बेहतर माइलेज और लंबी ड्राइविंग रेंज के कारण ग्राहक अब हाइब्रिड वाहनों को विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। यही वजह है कि कई बड़ी ऑटो कंपनियां भारतीय बाजार में नई हाइब्रिड SUV पेश करने की तैयारी कर रही हैं। इनमें कुछ मॉडल फुल टैंक पर करीब 1,000 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा कर रही है।
रेनो डस्टर हाइब्रिड
नई रेनो डस्टर का पेट्रोल मॉडल भारतीय बाजार में आ चुका है और अब इसके हाइब्रिड वर्जन को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका हाइब्रिड मॉडल दिवाली के आसपास पेश किया जा सकता है। इसमें 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 1.4kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। दोनों मिलकर लगभग 160hp का आउटपुट दे सकते हैं। माइलेज की बात करें तो डस्टर हाइब्रिड से करीब 24-26 किमी प्रति लीटर की दक्षता मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस हिसाब से लंबी दूरी तय करने वाले ग्राहकों के लिए यह SUV आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है। इसका मुकाबला मारुति ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर जैसी हाइब्रिड SUV से होगा।
निसान टेक्टन हाइब्रिड
निसान भी भारतीय बाजार के लिए टेक्टन SUV के हाइब्रिड मॉडल पर काम कर रही है। इसमें 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 1.4kWh बैटरी का कॉम्बिनेशन मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि इसका संयुक्त पावर आउटपुट करीब 160hp हो सकता है। टेक्टन हाइब्रिड उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो मौजूदा मिड-साइज हाइब्रिड SUV से अलग कोई नया विकल्प तलाश रहे हैं। कंपनी की ओर से इसके लॉन्च और स्पेसिफिकेशन से जुड़ी अंतिम जानकारी का इंतजार है।
होंडा एलिवेट हाइब्रिड
होंडा एलिवेट का हाइब्रिड वर्जन भी भारतीय बाजार में आने वाले प्रमुख मॉडलों में शामिल है। इसे साल की दूसरी छमाही में पेश किए जाने की संभावना है। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसे भारतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। एलिवेट हाइब्रिड का माइलेज करीब 26-27 किमी प्रति लीटर तक होने की उम्मीद है। होंडा इसे बेहतर ईंधन दक्षता के साथ एक आरामदायक और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयोगी फैमिली SUV के रूप में पेश कर सकती है।
किआ सेल्टोस हाइब्रिड
किआ भी सेल्टोस के स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड मॉडल को भारत में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की ओर से इस दिशा में संकेत दिए जा चुके हैं। इसके लॉन्च की संभावना इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत के आसपास जताई जा रही है। सेल्टोस हाइब्रिड में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उद्देश्य बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी के साथ पर्याप्त परफॉर्मेंस उपलब्ध कराना होगा। इस मॉडल के आने से मिड-साइज SUV सेगमेंट में हाइब्रिड विकल्पों की संख्या और बढ़ सकती है।
आखिर क्यों पसंद आ रही हैं हाइब्रिड SUV?
हाइब्रिड कारों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें पेट्रोल इंजन की सुविधा के साथ इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से बेहतर माइलेज हासिल किया जाता है। पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार की तरह इन्हें नियमित रूप से चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती। यही बात उन ग्राहकों के लिए खास तौर पर उपयोगी है, जिनके घर पर चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है या जिन्हें अक्सर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आने वाले समय में हाइब्रिड SUV का मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है। रेनो, निसान, होंडा और किआ के अलावा हुंडई, मारुति और महिंद्रा जैसी कंपनियां भी इस तकनीक पर काम कर रही हैं। ऐसे में भारतीय ग्राहकों के पास आने वाले महीनों में अलग-अलग कीमत, फीचर्स और माइलेज वाली कई हाइब्रिड SUV चुनने के विकल्प हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें- इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' की एडवांस बुकिंग ने मचाया तहलका, 'सिकंदर' और 'धुरंधर' को छोड़ा पीछे
Written By Toshi Shah