Inspector Sunil Kumar Kirti Chakra: उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिले इस सम्मान को यूपी पुलिस के लिए गौरव का पल है।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने शामली जिले में कुख्यात मुकीम काला गिरोह के खिलाफ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस दिखाया था। अपराधियों से मुकाबले के दौरान उन्होंने अपनी टीम का नेतृत्व किया और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुकीम काला गिरोह के खिलाफ ऑपरेशन में दिखाया साहस
मामला शामली जिले में हुई उस मुठभेड़ से जुड़ा है, जिसमें एसटीएफ की टीम ने कुख्यात मुकीम काला गिरोह के बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की थी।इंस्पेक्टर सुनील कुमार अपनी टीम के साथ ऑपरेशन में शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान उन्होंने बदमाशों का डटकर सामना किया। इस कार्रवाई में गिरोह के अरशद समेत चार बदमाश मारे गए, लेकिन इंस्पेक्टर सुनील कुमार भी देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए।
परिवार को सौंपा गया कीर्ति चक्र सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के गांव पहुंचे और उनके परिवार को कीर्ति चक्र प्रदान किया।एडीजी ने कहा कि यूपी पुलिस के इतिहास में पहली बार किसी पुलिसकर्मी को कीर्ति चक्र जैसा बड़ा वीरता सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।
सीएम योगी ने बताया पूरे प्रदेश के लिए गर्व का पल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मिले सम्मान को यूपी पुलिस के लिए ऐतिहासिक बताया।उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने शहीद इंस्पेक्टर की वीरता को नमन करते हुए कहा कि अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करने में ऐसे जांबाज पुलिसकर्मियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
देश ने वीर जवान को किया सलाम
इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने अपनी ड्यूटी को सबसे ऊपर रखते हुए अपराधियों से मुकाबला किया। उनका साहस बताता है कि वर्दी पहनने वाले जवान किस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना समाज की सुरक्षा के लिए खड़े रहते हैं।उनके बलिदान और बहादुरी को आज पूरा देश सम्मान के साथ याद कर रहा है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh