ईरान,अमेरिका और इजरायल के बीच युध्द जारी हो गया है। अब इसका असर भारत पर दिखने की आशंका जताई जा रही है। बता दें, इसे लेकर अब भारत सरकार अलर्ट मोड पर है। मीडिल ईस्ट में चल रही जंग को देखते हुए ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला और जरूरी वस्तुओं की घरेलू उपलब्धता की समीक्षा को लेकर मंत्रियों के समूह (IGoM) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश में आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा आपूर्ति पर संभावित जोखिमों का आकलन किया गया।
'किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित नहीं होगी'
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में देशवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। इस बैठक में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सरकार सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधित होने की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
The 5th meeting of IGoM was held today to review the existing risks to energy supply chains and domestic availability of essential commodities in the wake of the conflict in West Asia.
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) May 11, 2026
The Government under the leadership of PM Shri @narendramodi has been doing commendable work… pic.twitter.com/L6OG25VJk2
अफवाहों या घबराहट से बचें: रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों या घबराहट से बचें और सरकार पर विश्वास बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को दैनिक जरूरतों की वस्तुएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध होती रहें।
वर्तमान वैश्विक चुनौतियों पर भी बोले राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि वर्तमान समय वैश्विक चुनौतियों और अस्थिरता का दौर है, जिसमें कई देशों को आर्थिक और ऊर्जा संकटों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सामूहिक भागीदारी और सहयोग की अपील की है। उन्होंने आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा को देश की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
सरकार और जनता का सहयोग देश को बनाएगा मजबूत
रक्षा मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह संदेश केवल वर्तमान परिस्थितियों से निपटने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में भारत को अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार और जनता के संयुक्त प्रयास से देश हर चुनौती का मजबूती से सामना कर सकता है।
Written By: Geeta Sharma