वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी SpaceX ने एक बड़ा ऑपरेशनल रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने अमेरिका के दो अलग-अलग तटों से सिर्फ 38.5 मिनट के अंतराल में दो Falcon 9 रॉकेट लॉन्च किए, जो SpaceX के इतिहास में सबसे कम समय अंतर वाली ऑर्बिटल लॉन्चिंग बन गई।
SpaceX के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा
शनिवार शाम हुए इन दोनों लॉन्च ने अगस्त 2024 में बनाए गए SpaceX के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इससे पहले कंपनी ने दो लॉन्च के बीच 65 मिनट का सबसे कम अंतर दर्ज किया था। यह उपलब्धि SpaceX की तेज लॉन्च क्षमता और दोबारा इस्तेमाल किए जाने वाले रॉकेट सिस्टम की सफलता को दिखाती है।
पहला Falcon 9 रॉकेट फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से रात 9:12 बजे EDT (रविवार 01:12 GMT) लॉन्च किया गया। इसमें सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी Globalstar के लिए लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में भेजे जाने वाले 8 उपग्रह थे।
लॉन्च के करीब 56 मिनट बाद इन उपग्रहों को सफलतापूर्वक अलग-अलग कक्षा में स्थापित किया गया। इससे Globalstar के सैटेलाइट नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।
इसके सिर्फ 38.5 मिनट बाद दूसरा Falcon 9 रॉकेट कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से लॉन्च किया गया। यह मिशन अमेरिकी स्पेस फोर्स के लिए था, जिसमें गोपनीय USSF-366 पेलोड भेजा गया।
दोनों मिशनों में Falcon 9 के पहले चरण (बूस्टर) की सफल लैंडिंग भी हुई। Globalstar मिशन का बूस्टर B1090 अपनी 14वीं उड़ान पूरी करने के बाद केप कैनावेरल के लैंडिंग जोन-40 पर वापस उतरा।
वहीं, USSF-366 मिशन का बूस्टर B1088 अपनी 18वीं उड़ान के बाद प्रशांत महासागर में तैनात ऑटोनॉमस ड्रोनशिप "Of Course I Still Love You" पर सफलतापूर्वक लैंड हुआ।
यह SpaceX के इतिहास में 650वीं सफल Falcon बूस्टर लैंडिंग भी रही।
Globalstar ने बताया कि यह लॉन्च उसके डायरेक्ट-टू-डिवाइस कम्युनिकेशन नेटवर्क के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कंपनी के CEO पॉल ई. जैकब्स ने इसे वैश्विक उपभोक्ता और बिजनेस कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने वाला कदम बताया।
यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब Globalstar अपने सैटेलाइट ब्रॉडबैंड प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए Amazon के साथ प्रस्तावित अधिग्रहण सौदे की दिशा में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें: इजरायल का दावा- दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह का वरिष्ठ कमांडर अबू हसन अला मारा गया
शनिवार रात की इस दोहरी लॉन्चिंग के साथ SpaceX ने साल 2026 में अब तक कुल 96 ऑर्बिटल मिशन पूरे कर लिए हैं, जिससे वैश्विक कमर्शियल लॉन्च बाजार में कंपनी की मजबूत स्थिति और स्पष्ट होती है।
Written By: Pradeep Singh