Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड के गंगाराम वाड़ी इलाके में कोहिनूर अपार्टमेंट (बी-विंग) की चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
मलबे से 6 शव निकाले गए, एक महिला और एक लड़का जिंदा मिले
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव के मुताबिक, मलबे से अब तक 6 शव बरामद किए गए हैं। एक लड़के को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, NDRF की टीम ने एक महिला को भी सुरक्षित जिंदा बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
पहले से 'खतरनाक' घोषित थी इमारत
कोहिनूर अपार्टमेंट को भिवंडी-निजामपुर नगर निगम (BNCMC) ने पहले ही 'सी-कैटेगरी' यानी अत्यंत जर्जर और खतरनाक इमारत घोषित किया था। नगर निगम ने कई नोटिस जारी कर अधिकांश निवासियों को इमारत खाली भी करा दी थी। हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम जारी था।
मरम्मत के दौरान पिलर तोड़े जाने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान कुछ पिलर तोड़े गए थे, जिससे इमारत की संरचना कमजोर हो गई और उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे के समय 5 से 9 मजदूर और कुछ अन्य लोग सामान निकालने के लिए इमारत के अंदर मौजूद थे। फिलहाल फंसे लोगों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, भिवंडी नगर निगम और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए पोक्लेन मशीनों और अन्य भारी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
स्थानीय विधायक ने क्या कहा?
स्थानीय बीजेपी विधायक महेश चौघुले ने बताया कि इमारत काफी पुरानी और जर्जर थी। नगर निगम ने इसे पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया था, लेकिन मरम्मत का कार्य चल रहा था। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
#WATCH | Bhiwandi, Maharashtra: A four-storey building partially collapses in Bhiwandi. Several people are feared trapped. Rescue operations are currently underway.
— ANI (@ANI) July 30, 2026
(Visuals from the spot) pic.twitter.com/P1fzwmSHcU
जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान राहत और बचाव अभियान पर है। इमारत ढहने की सटीक वजह जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी। प्रशासन ने आसपास के इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
और पढे़ं:
Bharat Tiwari Encounter Case: भरत तिवारी को गोली मारने वाला STF जवान गिरफ्तार, जांच में बड़ा अपडेट
Written By Shailesh Yadav