Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जहां पर लगभग 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले की बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए परिवार के सभी सदस्य एसी वाले एक ही कमरे में सो रहे थे। देर रात तेज बारिश के दौरान अचानक मकान की छत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। कमरा बंद होने और सभी के गहरी नींद में होने के कारण किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

हादसे में परिवार के माता-पिता, बेटा-बहू और दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद महुली मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से जर्जर भवनों में रहने से बचने और सतर्क रहने की अपील भी की है। 

और पढे़ं: 
असम में बाढ़ एवं लैंडस्लाइड: राहत शिविरों में रह रहे लोगों से जेपी नड्डा ने क्या कहा?

Gen Z के मुद्दे पर राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा? छात्रों ने हिंसा.....