Rahul Gandhi On GenZ: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को GenZ आंदोलन और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उनका आरोप था कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने किसी तरह की हिंसा नहीं की,इसके बावजूद उन पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। इस दौरान राहुल गांधी के साथ कुछ ऐसे युवा भी मौजूद थे जिन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई में हुए प्रदर्शनों में हिस्सा लिया था।

'युवाओं ने संविधान और देश के भविष्य की रक्षा की'

राहुल गांधी ने कहा कि प्रदर्शनकारी युवाओं ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारत के भविष्य की रक्षा के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाना कोई अपराध नहीं है। उनके अनुसार, यदि शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है या उसमें लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं, तो उसे सुधारने की मांग करना युवाओं का अधिकार है।

'धमकाया गया, पीटा गया और घरों तक दबाव बनाया गया'

राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल कई युवाओं ने उन्हें बताया कि उनके साथ मारपीट की गई। उन्हें धमकाया गया और मानसिक दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महिला प्रदर्शनकारियों के घरों पर गुंडे भेजे गए और एक 15 वर्षीय लड़की से जबरन माफी मंगवाई गई। राहुल गांधी ने इन घटनाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक रोकने की मांग

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश को ऐसी शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है जो पारदर्शी और भरोसेमंद हो। उन्होंने परीक्षा के पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इसे पूरी तरह रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के भविष्य यानी युवाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

पुलिसकर्मियों से जुड़े सवाल पर नहीं दिया जवाब

हालांकि,प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब राहुल गांधी से प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर सवाल पूछा गया,तो उन्होंने इस विषय पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया। इस मुद्दे पर उनकी प्रतिक्रिया से बचने को लेकर भी चर्चा रही।

ये भी पढ़ें: अरावली पर बनी कमेटी पर सवाल! 'पीपल फॉर अरावलीज' ने उठाई सलाह-मशविरा प्रक्रिया पर आपत्ति

Written By: Geeta Sharma