नई दिल्ली : भारत और सिंगापुर के बीच चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (ISMR) 20 अगस्त को सिंगापुर में आयोजित की जाएगी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री जितिन प्रसाद शामिल होंगे।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर सिंगापुर पहुंचे

ISMR से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर सिंगापुर पहुंच चुके हैं, जबकि भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य बाद में वहां पहुंचेंगे।

सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जयशंकर का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, “चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक के लिए माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का सिंगापुर में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।”

विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान भारतीय मंत्री अपने सिंगापुरी समकक्षों के साथ बैठक करेंगे और सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे।

सहयोग के नए क्षेत्रों पर होगा जोर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, ISMR नए और उभरते क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

इस तंत्र की पहली बैठक सितंबर 2022 में नई दिल्ली में हुई थी। इसके बाद दूसरी बैठक सिंगापुर और तीसरी बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई।

भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी

पिछली बैठकों में उन्नत विनिर्माण, कनेक्टिविटी, डिजिटलाइजेशन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं के आधार पर भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी (CSP) के रोडमैप को आगे बढ़ाया गया। यह रोडमैप सितंबर 2025 में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की भारत यात्रा के दौरान जारी किया गया था।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि आगामी चौथी ISMR बैठक में दोनों पक्ष विभिन्न जारी पहलों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और भारत-सिंगापुर सहयोग को और मजबूत करने के नए अवसरों की पहचान करेंगे।

बिजनेस राउंडटेबल भी होगा आयोजित

ISMR के साथ ही चौथी भारत-सिंगापुर बिजनेस राउंडटेबल भी आयोजित की जाएगी। यह प्रमुख कारोबारी नेताओं का एक रणनीतिक और सलाहकारी मंच है।

पिछले वर्ष नई दिल्ली में हुई तीसरी ISMR बैठक में दोनों देशों के मंत्रियों ने छह प्रमुख क्षेत्रों के तहत द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की थी और सहयोग को और गहरा करने के लिए कई ठोस पहलों की पहचान की थी।

तीसरी भारत-सिंगापुर बिजनेस राउंडटेबल की रिपोर्ट

विदेश मंत्रालय के अनुसार, तीसरी भारत-सिंगापुर बिजनेस राउंडटेबल की रिपोर्ट भी मंत्रियों के सामने पेश की गई थी, जिसमें इस सहयोग में निजी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के तहत शुरू की गई ISMR को भारत-सिंगापुर सहयोग के लिए नया एजेंडा तय करने वाले एक विशेष तंत्र के रूप में विकसित किया गया है।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट का आदेश : पूर्व PM इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाया जाएगा

Written By: Pradeep Singh