अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के डिनर में हुई गोलीबारी को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विधायक विजय वडेट्टीवार ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।

'हिंदुस्तान बर्बादी के राह पर चल रहा है'

साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। वडेट्टीवार ने कहा कि जैसा हमारे देश में चल रहा है, वैसा ही अमेरिका में चल रहा है। हिंदुस्तान में लोग सड़कों पर नहीं उतर रहे हैं। लेकिन पूरा हिंदुस्तान बर्बादी के रास्ते पर चल रहा है।

'जैसी करनी वैसी भरनी'

आगे विजय वडेट्टीवार ने ट्रंप के कार्यक्रम के दौरान चली गोली की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा 'जैसी करनी वैसी भरनी। जैसा करेगा, वैसा भरेगा। ट्रंप ने सर्वोच्च पद पर होते हुए भी पूरे दुनिया पर काबू पाने के लिए सभी कंट्री को डिस्टर्ब करने का काम किया। उसकी जो भाषा है। और देश को भी उसने सिर्फ बर्बाद किया। इरान से अमेरिका का कोई संबंध नहीं था। फिर भी उसने इजराइल को पकड़कर जो वार किया। उसमें वो तो होना ही था।

'ट्रंप ने अमेरिका को बर्बाद करने का काम किया'

उन्होंने आगे कहा, आज ट्रंप ने पूरे अमेरिका को बर्बाद करने का काम किया है। अपने मनसूबे पूरे करने के लिए। जैसे कि देश में चल रहा है, अपने हिंदुस्तान में भी ठीक वैसा ही चल रहा है। जितने लोग रास्ते पर उतर कर उनका विरोध किया। हालांकि अब हिंदुस्तान में उतर नहीं रहे। लग रहा है कि सब कुछ ऑल इज वेल है।

'जो जैसा करेगा तो जनता उसको जवाब देगी'

अंत में कांग्रेस विधायक ने कहा कि लोगों में आज भी वही भावना है कि पूरे हिंदुस्तान भी वह बर्बादी के रास्ते पर चल रहा है। और जो जैसा करेगा तो जनता उसका जवाब देगी। यही उस घटना से दिखता है।

 Written By: Geeta Sharma