टेलीविजन अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में दिए गए उनके एक बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस को जन्म दे दिया। पॉडकास्ट के दौरान शिल्पा ने अपने पुराने विवादित मामले का जिक्र करते हुए कई चौंकाने वाली बातें साझा कीं, जिसके बाद उन्हें इंटरनेट पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। ट्रोलिंग बढ़ने के बाद शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने फैसले और सच बोलने पर पूरा भरोसा है तथा लोगों की नकारात्मक प्रतिक्रियाओं से वे प्रभावित नहीं होतीं। अभिनेत्री का कहना है कि कई लोगों ने पॉडकास्ट का केवल एक छोटा हिस्सा देखकर निष्कर्ष निकाल लिया, जबकि पूरे संदर्भ को समझने की कोशिश नहीं की।
वीडियो में एक्ट्रेस ने कही ये बात
वीडियो में शिल्पा ने कहा कि उन्होंने जो बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की, वह उनकी अंतरात्मा की आवाज थी। उनके अनुसार, वे लंबे समय से एक मानसिक बोझ महसूस कर रही थीं और अब उसे अपने भीतर नहीं रखना चाहती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे चाहतीं तो वर्षों पहले भी इस विषय पर बोल सकती थीं, लेकिन उन्होंने सही समय का इंतजार किया। अभिनेत्री ने बताया कि उस दौर में वे बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रही थीं। उनका कहना था कि उस समय उनके मानसिक और भावनात्मक संघर्ष को बहुत कम लोग समझ पाए थे। उन्होंने स्वीकार किया कि परिस्थितियां इतनी चुनौतीपूर्ण थीं कि उनके मन में आत्महत्या जैसे विचार भी आए थे।
किसी आर्थिक लाभ या प्रचार हासिल करना नहीं था-शिल्पा
शिल्पा ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी आर्थिक लाभ या प्रचार हासिल करना नहीं था, उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम इस विवाद में आया था, वह वास्तविक घटनाओं से परिचित है। अभिनेत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि केवल “सॉरी” कहना उनकी भावनाओं को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर सकता, लेकिन वे अपनी गलती स्वीकार करने से पीछे नहीं हट रही हैं, उन्होंने आगे कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपने इरादों और सच्चाई पर भरोसा होता है, तब वह आलोचनाओं से नहीं डरता। शिल्पा के मुताबिक, कठिन समय में उन्हें बहुत कम लोगों का समर्थन मिला था, इसलिए अब भी वे किसी विशेष समर्थन की उम्मीद नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि वे हर तरह की प्रतिक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं।
एक्ट्रेस ने पोस्ट कर दी सफाई
अपने पोस्ट के कैप्शन में शिल्पा ने लिखा कि किसी भी बातचीत का केवल एक अंश देखकर राय बनाना उचित नहीं है, उन्होंने उन लोगों का धन्यवाद भी किया जिन्होंने पूरी बात समझने की कोशिश की और उनका समर्थन किया। गौरतलब है कि पॉडकास्ट में दिए गए उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नाराजगी जाहिर की। कुछ यूजर्स और संगठनों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई, जबकि कई लोगों ने उनके खुलासे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। इसी वजह से यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
Written By Toshi Shah