Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पुवायां थाना क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में पड़ोसी की कच्ची दीवार गिरने से नए मकान का लिंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे में दबकर चाचा और दो साल के मासूम भतीजे की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।

बारिश के बीच अचानक गिरा लिंटर
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अरविंद ने करीब एक महीने पहले ही मकान का निर्माण कराया था। उनके पड़ोस में राजाराम का कच्चा मकान है। रविवार रात से हो रही बारिश के दौरान राजाराम के मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरने के बाद अरविंद के नए मकान की सिंगल ईंट की दीवार भी मलबे का भार नहीं सह सकी। देखते ही देखते मकान का लिंटर नीचे आ गिरा। हादसे के समय अरविंद के भाई राजन कोरी (27), उनकी भाभी काजल और दो वर्षीय भतीजा आरव मकान के नीचे मौजूद थे। लिंटर गिरते ही तीनों मलबे में दब गए।

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर निकाला
लिंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने राहत-बचाव शुरू करते हुए काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक राजन और मासूम आरव की मौत हो चुकी थी। वहीं काजल गंभीर रूप से घायल मिलीं। घायल काजल को तत्काल बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों और नुकसान का जायजा लिया गया। एक साथ परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। बारिश के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।  

और पढ़ें: CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘पाप कोई और करता था, भुगतता कोई और था’, कोटेदारों को लेकर कही बड़ी बात


Written by Shailesh Yadav