देश के बड़े हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही IMD ने 25 से 27 तक अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी भी दी है। हालांकि 27 अप्रैल के बाद राहत वाली बारिश हो सकती है।

दिल्ली में गर्मी ने किया बुरा हाल

दिल्ली में सूर्यदेव कुछ ज्यादा ही चमक रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। आज मौसम विभाग ने लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही IMD ने 25 से 27 तक अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी भी दी है। हालांकि 27 अप्रैल के बाद राहत वाली बारिश हो सकती है।

जानिए उत्तर प्रदेश का हाल

दिल्ली से सटे इलाकों समेत पूरे यूपी में गर्मी और लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। खासकर पूर्वी यूपी में 24 से 27 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट है। हालांकि 28 से 30 अप्रैल के बीच कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड के हाल

वहीं, हीटवेव की चेतावनी को देखते हुए, हरिद्वार के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने पूरे जिले में स्कूलों के समय में बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, 27 अप्रैल से 26 मई तक, सभी प्री-प्राइमरी से क्लास 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे, जबकि क्लास 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे।

बिहार का मौसम

बिहार में भी तेज गर्मी का असर जारी रहेगा और कई जगहों पर लू चल सकती है। लेकिन मौसम में बदलाव के संकेत हैं। कल से पटना, गया, भागलपुर और दरभंगा जैसे जिलों में बादल छाने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।

राजस्थान में लू की चेतावनी

राजस्थान में भी गर्मी काफी तेज बनी हुई है। बाड़मेर में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। कुछ इलाकों में अगले 2-3 दिन लू चलने की भी चेतावनी है।

महाराष्ट्र में बारिश के आसार

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गर्मी के साथ-साथ मौसम बदलने के संकेत भी हैं। कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र में आंधी और बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, इसलिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Written By Toshi Shah