देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश, आंधी और तेज हवाओं ने मौसम सुहाना बना दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार शुरू हो चुकी हैं मॉनसून की गतिविधियां

बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मॉनसून की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय के कई हिस्सों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में 19 मई तक भीषण गर्मी और लू जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर के मौसम के हाल

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 15 मई को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 16 मई को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

यूपी और बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम है। पश्चिमी यूपी के मेरठ, बुलंदशहर और शामली में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बिहार में 14 से 17 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दरभंगा और पूर्णिया में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। लोगों को बिजली गिरने और आंधी के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों और पहाड़ी सड़कों पर फिसलन व भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है।

राजस्थान में गर्मी का कहर

वहीं राजस्थान में गर्मी का कहर जारी है। जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। झारखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Written By Toshi Shah