इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप के आसपास शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र फ्लोरेस द्वीप के उत्तर में एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में था। तेज झटकों के बाद इंडोनेशियाई अधिकारियों ने संभावित सुनामी को लेकर चेतावनी जारी कर दी। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भू-भौतिकी एजेंसी (BMKG) ने बताया कि भूकंप के बाद समुद्र में सुनामी की लहरें उठने की आशंका है। BMKG के भूकंप और सुनामी केंद्र के निदेशक विजयांतो के मुताबिक, सुनामी मॉडल के प्रारंभिक आकलन में पूर्वी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और पश्चिमी नुसा तेंगारा के कुछ हिस्सों में खतरे की संभावना सामने आई है। अधिकारियों ने कुछ इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची लहरों का अलर्ट जारी किया।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
समाचार एजेंसी के अनुसार, एक अस्पताल कर्मचारी ने बताया कि भूकंप के झटके अचानक और बेहद तेज थे। अस्पताल की इमारत जोर-जोर से हिलने लगी, जिसके बाद मरीजों में डर फैल गया और कई लोग सुरक्षित जगह की तलाश में बाहर निकल गए। भूकंप के बाद फ्लोरेस द्वीप के मौमेरे शहर में भी लोगों को ऊंचे इलाकों की ओर जाते देखा गया। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर समुद्र का पानी पीछे हटता नजर आया। समुद्र का इस तरह अचानक पीछे हटना सुनामी से पहले दिखाई देने वाले संभावित संकेतों में शामिल हो सकता है।
'रिंग ऑफ फायर' में होने से इंडोनेशिया भूकंप के लिहाज से संवेदनशील
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है। यह इलाका जापान से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया और प्रशांत महासागर के आसपास तक फैला हुआ है और यहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इंडोनेशिया ने इससे पहले भी बेहद विनाशकारी भूकंप और सुनामी का सामना किया है। वर्ष 2004 में सुमात्रा के तट के पास 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद उठी विशाल सुनामी ने हिंद महासागर के आसपास के कई देशों में भारी तबाही मचाई थी। इस आपदा में 2 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जिनमें करीब 1.70 लाख लोग इंडोनेशिया के थे। फिलहाल इंडोनेशियाई अधिकारियों की ओर से भूकंप के कारण किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, सुनामी के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित, ऊंचे स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज पर ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- जल्द बनाएंगे अमेरिकी...
Written By Toshi Shah