बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। बैंक ने जूनियर एसोसिएट्स (क्लर्क) के कुल 9,124 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में 7,680 रेगुलर और 1,444 बैकलॉग पद शामिल हैं। उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस भर्ती में अलग-अलग सर्किल के हिसाब से पद निर्धारित किए गए हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
SBI Clerk भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष या सेमेस्टर में पढ़ रहे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयन होने पर उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक अपनी डिग्री पूरी करने का प्रमाण देना होगा। उम्मीदवार की उम्र 1 अप्रैल 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी आवेदक का जन्म 2 अप्रैल 1998 से पहले और 1 अप्रैल 2006 के बाद का नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम उम्र में छूट दी जाएगी।

यह भी पढ़ें : दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ रीडिंग पर जोर, रोज 30 मिनट किताबों के लिए होंगे तय

कितनी मिलेगी सैलरी?
SBI Clerk के चयनित उम्मीदवारों को क्लेरिकल कैडर में नियुक्त किया जाएगा। शुरुआती बेसिक पे 26,730 रुपये प्रति माह होगी। वेतनमान 24,050 से 64,480 रुपये तक है। मुंबई जैसे बड़े शहरों में शुरुआती कुल मासिक वेतन करीब 46,000 रुपये तक पहुंच सकता है। इसके अलावा उम्मीदवारों को DA समेत अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।

कैसे होगा चयन?
SBI Junior Associate भर्ती में उम्मीदवारों को तीन चरणों से गुजरना होगा—

1. प्रीलिम्स परीक्षा
2. मेंस परीक्षा
3. लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LLPT)

प्रीलिम्स परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें इंग्लिश लैंग्वेज, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग एबिलिटी से सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए एक घंटे का समय मिलेगा और गलत जवाब पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मेंस परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी, जिसमें जनरल/फाइनेंशियल अवेयरनेस, जनरल इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और कंप्यूटर एप्टीट्यूड से प्रश्न आएंगे।

कब होगी परीक्षा?
SBI Clerk Prelims परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि मुख्य परीक्षा नवंबर 2026 में निर्धारित है। जिन उम्मीदवारों ने 10वीं या 12वीं में संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा नहीं पढ़ी है, उन्हें चयन प्रक्रिया में लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट देना होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा करने के साथ परीक्षा की तैयारी भी शुरू कर दें। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 है।

Written by Rozi Sinha