Sambhal School Accident: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक निजी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव की है। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव शुरू किया और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला।

झंडारोहण के बाद चल रहा था सांस्कृतिक कार्यक्रम

जानकारी के मुताबिक, गांव स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सुबह ध्वजारोहण के बाद बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां चल रही थीं।कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बच्चे स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे स्कूल के मुख्य गेट पर बने छज्जे के ऊपर चढ़ गए। बच्चों की संख्या बढ़ने से छज्जे पर वजन बढ़ गया और अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

मलबे में दबे तीन बच्चे, एक की मौत

छज्जा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।घायलों में 8 वर्षीय निजामम, 11 वर्षीय सैफ अली और 10 वर्षीय शैदाना शामिल थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद निजामम को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दोनों बच्चों का इलाज जारी है।

हादसे की सूचना पर पहुंचा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ असमोली अमन सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने घटनास्थल का जायजा लिया।इसके बाद जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की पूरी जानकारी ली और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

19-20 साल पुरानी थी स्कूल की इमारत

जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूल प्राथमिक स्तर तक संचालित है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार्यक्रम देखने पहुंचे कुछ बच्चे छज्जे पर चढ़ गए थे, जिसके बाद अधिक वजन के कारण छज्जा गिर गया।वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्कूल की इमारत करीब 19 से 20 साल पुरानी है। फिलहाल हादसे की वजह की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतक छात्र के परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है।

 Written By: Shivashakti Narayan Singh