बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में आई फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’से की थी। इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री में लगातार सफलता हासिल की और कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा बने। ‘मैंने प्यार किया’,‘हम आपके हैं कौन’,‘दबंग’,‘बजरंगी भाईजान और ‘सुल्तान’ जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल कर दिया। हाल ही में सलमान खान ने एक इंटरव्यू में अपने फिल्म चुनने के तरीके को लेकर दिलचस्प खुलासा किया।
स्क्रिप्ट पढ़ने को लेकर सलमान का खुलासा
दिए इंटरव्यू में सलमान खान ने बताया कि उन्होंने अपने पूरे फिल्मी करियर में कभी भी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह नहीं पढ़ी। उन्होंने कहा कि वे कहानी के माहौल, उसके प्रस्तुतिकरण और फिल्म की संभावनाओं को समझने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने स्क्रिप्ट लिखने का काम किया है, लेकिन पढ़ने का नहीं।
महंगी घड़ियों पर भी की बात
सलमान खान अक्सर इवेंट्स और प्रमोशनल कार्यक्रमों में बेहद महंगी और लग्जरी घड़ियां पहने दिखाई देते हैं। जब उनसे इन घड़ियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं जो घड़ियां वे पहनते हैं, वे उनकी अपनी हों। उन्होंने बताया कि कई बार उनके दोस्त उन्हें अपनी घड़ियां पहनने के लिए दे देते हैं।
आने वाली इन फिल्मों में दिखेंगे सलमान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म को सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। इसके अलावा सलमान इन दिनों एक नई फिल्म की शूटिंग में भी व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री नयनतारा नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन वामशी पैडिपल्ली कर रहे हैं, जबकि निर्माता दिल राजू हैं।
Written By Toshi Shah