बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री सायरा बानो ने अपने जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। जिसमें उन्होंने अपने बचपन, परिवार और अपने जीवन के सबसे खास रिश्ते दिलीप कुमार की यादों को ताजा किया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी जिंदगी के उन खूबसूरत पलों को याद किया, जब उनके जन्मदिन परिवार के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होते थे।
सायरा बानो ने अपनी मां और मशहूर अभिनेत्री नसीम बानो, दादी शमशाद वहीद खान और बड़े भाई सुल्तान के साथ मनाए गए जन्मदिनों को याद करते हुए बताया कि उनके बचपन के ये अवसर प्यार और खुशियों से भरे रहते थे। उन्होंने अपनी मां को प्यार से 'परी चेहरा नसीम बानो जी' कहकर याद किया।
केक और तोहफों की भी रही खास यादें
अपने बचपन के जन्मदिनों का जिक्र करते हुए सायरा बानो ने बताया कि उनके लिए बनाए जाने वाले केक बेहद शानदार होते थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वे केक सिर्फ मिठाइयां नहीं, बल्कि वास्तुकला के शानदार नमूने होते थे। उनकी ऊंचाई इतनी अधिक होती थी कि उन्हें देखकर कुतुब मीनार को भी अपनी ऊंचाई कम लग सकती थी।
अभिनेत्री ने जन्मदिन पर मिलने वाले तोहफों के पीछे छिपी भावनाओं को भी याद किया। उनके मुताबिक, हर उपहार के पीछे परिवार और करीबी लोगों की सोच और प्यार होता था। उन्हें इस बात की खुशी रहती थी कि लोग समय निकालकर सोचते थे कि उनकी “लड़की” को किस चीज से खुशी मिलेगी।
12 साल की उम्र में दिलीप कुमार पर आया दिल
सायरा बानो की यादों में दिलीप कुमार का जिक्र सबसे भावुक हिस्सा रहा। अभिनेत्री ने बताया कि वह महज 12 साल की उम्र से ही दिलीप कुमार की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं। उस उम्र में ही उनके मन में इस महान अभिनेता से मिलने और कभी उनके साथ फिल्म में काम करने की इच्छा पैदा हो गई थी।
हालांकि, दिलीप कुमार उस समय सायरा बानो को काफी छोटी मानते थे और उनकी रोमांटिक भावनाओं का जवाब नहीं देते थे। अभिनेत्री ने अपनी पुरानी यादों को बेहद सहज और आत्मीय अंदाज में साझा किया।
ये भी पढ़ें: त्योहारों से पहले नोएडा पुलिस अलर्ट, 23 अगस्त से 4 सितंबर तक धारा 163 लागू
दिलीप कुमार के साथ जीवनभर का रिश्ता
अपने जन्मदिन की पोस्ट में सायरा बानो ने सिर्फ अपने बचपन और फिल्मी सफर को ही नहीं, बल्कि दिलीप कुमार के साथ अपने गहरे और जीवनभर के रिश्ते को भी याद किया। उनके शब्दों में आज भी उस रिश्ते के लिए वही सम्मान, प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव दिखाई देता है।
सायरा बानो की इस भावुक पोस्ट पर प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके चाहने वालों ने उनकी लंबी उम्र, खुशहाल जीवन और हमेशा मुस्कुराते रहने की कामना की। अभिनेत्री की यादों से भरी यह पोस्ट उनके शानदार फिल्मी सफर के साथ-साथ उनके निजी जीवन की खूबसूरत झलक भी पेश करती है।