श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय वनडे सीरीज 2026 का पहला मुकाबला मंगलवार (9 जून) को दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत A और श्रीलंका A के बीच खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह पहला मैच है। टॉस जीतने के बाद भारत A के कप्तान तिलक वर्मा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआती झटकों के बावजूद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की और मध्यक्रम ने पारी को संभाल लिया। इस समय ऋतुराज गायकवाड़ शतक की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि कप्तान तिलक वर्मा ने अर्धशतक पूरा कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है।
भारत A की पारी का हाल
भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 12 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके तुरंत बाद प्रभसिमरन सिंह भी केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए। महज 16 रन पर दो विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई थी। इसके बाद प्रियांश आर्य और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। प्रियांश अच्छी लय में दिखाई दिए, लेकिन 32 रन बनाकर रन आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और ऋतुराज के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
चयनकर्ताओं की नजर युवा खिलाड़ियों पर
भारत A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A के बीच खेली जा रही इस त्रिकोणीय सीरीज को भविष्य के सितारों के लिए अहम मंच माना जा रहा है। कई युवा खिलाड़ी यहां अपने प्रदर्शन के दम पर सीनियर राष्ट्रीय टीम के दरवाजे खटखटाने की कोशिश करेंगे। ऐसे में हर मुकाबला खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर है।
भारत A की प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, अंशुल कंबोज, अरशद खान और विप्रज निगम शामिल है।
श्रीलंका A की प्लेइंग इलेवन
निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, रविन्दु फर्नांडो, वानुजा सहान, विजयकांत व्यासकांथ औप मोहम्मद शिराजगरुका संकेथ खेल रहे हैं।
कहां देखें लाइव मैच
त्रिकोणीय सीरीज के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए दर्शक सोनी लिव ऐप और वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।
त्रिकोणीय सीरीज का कार्यक्रम
* 9 जून: भारत A बनाम श्रीलंका A
* 11 जून: भारत A बनाम अफगानिस्तान A
* 13 जून: अफगानिस्तान A बनाम श्रीलंका A
* 15 जून: भारत A बनाम श्रीलंका A
* 17 जून: भारत A बनाम अफगानिस्तान A
* 19 जून: अफगानिस्तान A बनाम श्रीलंका A
* 21 जून: फाइनल मुकाबला
भारत A की नजर टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करने पर है, जबकि श्रीलंका A घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर मजबूत चुनौती पेश करना चाहेगी। फिलहाल सभी की निगाहें ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा की साझेदारी पर टिकी हैं, जिसने भारतीय पारी को नई दिशा दी है।
Written By Toshi Shah