हाल ही में ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) ने प्रतिष्ठित Cannes Film Festival में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पिछले दो दशकों से अधिक समय से कान्स के रेड कारपेट पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं ऐश्वर्या इस बार भी अपने आकर्षक अंदाज को लेकर चर्चा में रहीं। हालांकि, उनके लुक की सराहना के साथ-साथ कुछ लोगों ने उनके बढ़े हुए वजन को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना भी की।

ऐश्वर्या राय के सपोर्ट में आई माधुरी दीक्षित

अब इस मुद्दे पर माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) ने खुलकर अपनी राय रखी है और ऐश्वर्या का समर्थन किया है। एक समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान माधुरी ने कहा कि ऐश्वर्या को केवल उनके शरीर, ड्रेस साइज या उम्र के आधार पर नहीं आंका जा सकता। माधुरी ने कहा कि ऐश्वर्या पिछले 20 वर्षों से कान्स फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा ले रही हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया है। उन्होंने ऐश्वर्या को एक “ग्लोबल स्टार” बताते हुए कहा कि पूर्व Miss World 1994 के रूप में उन्होंने देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। माधुरी के अनुसार, किसी व्यक्ति की पहचान को केवल उसके शारीरिक आकार, कपड़ों के नंबर या उम्र तक सीमित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या न सिर्फ बाहरी रूप से सुंदर हैं, बल्कि उनकी आंतरिक खूबसूरती भी उतनी ही प्रभावशाली है।

फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से है दोनों एक्ट्रेस

माधुरी और ऐश्वर्या की पेशेवर यात्रा भी लंबे समय से जुड़ी रही है। दोनों अभिनेत्रियां Devdas में साथ नजर आई थीं, जिसे भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म में Shah Rukh Khan ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जबकि माधुरी ने चंद्रमुखी और ऐश्वर्या ने पारो का किरदार निभाया था। फिल्म का लोकप्रिय गीत Dola Re Dola आज भी दर्शकों के बीच बेहद पसंद किया जाता है, जिसमें दोनों अभिनेत्रियों की शानदार नृत्य प्रस्तुति देखने को मिली थी।

बॉडी शेमिंग के बीच माधुरी का बयान

माधुरी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोशल मीडिया पर बॉडी शेमिंग को लेकर लगातार बहस हो रही है। उनके शब्दों ने यह संदेश दिया है कि किसी कलाकार की उपलब्धियों और व्यक्तित्व का मूल्यांकन उसके बाहरी स्वरूप के बजाय उसके योगदान और प्रतिभा के आधार पर किया जाना चाहिए।

 

Written By Toshi Shah