New Delhi: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को नई दिल्ली के द्वारका स्थित निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन भवन का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों तथा शेष निर्माण एवं फिनिशिंग कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि हिमाचल निकेतन को जल्द प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके।

प्रदेशवासियों को मिलेगी बेहतर आवास सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में निर्मित किया जा रहा हिमाचल निकेतन हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा। दिल्ली में चिकित्सा उपचार, शिक्षा, रोजगार अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने वाले प्रदेशवासियों को यहां आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भवन में लगभग चार सितारा श्रेणी की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलेंगी।

190 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा भवन

लगभग 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित किए जा रहे हिमाचल निकेतन भवन में कुल 107 कमरे होंगे। इसके अतिरिक्त परिसर में एक रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, दो बहुउद्देशीय हॉल और एक बैठक कक्ष की सुविधा उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग डॉर्मिटरी की व्यवस्था भी की जा रही है।

आधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित

हिमाचल निकेतन में पर्याप्त पार्किंग सुविधा के साथ-साथ गार्डन, ईवी चार्जिंग स्टेशन और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के अंतिम चरण में फिनिशिंग कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

परियोजना को शीघ्र पूरा करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निकेतन प्रदेशवासियों की लंबे समय से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करेगा। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की देरी से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष कार्य जल्द पूरे कर भवन को हिमाचल प्रदेश की जनता को समर्पित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: प्रियंका गांधी की 'गो-मूत्र एक्सपर्ट' टिप्पणी पर बवाल, IIT मद्रास डायरेक्टर के समर्थन में 14 हजार से ज्यादा पिटीशन पर साइन

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान सहित प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Written By:  एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती