प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों फ्रांस में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन में मौजूद है। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होने वाली है। दोनों नेताओं ने सम्मेलन के मौके पर गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। करीब 16 महीनों बाद होने जा रही यह मुलाकात भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से खास मानी जा रही है।

फ्रांस के एवियन-लेस-बेन्स में आयोजित हुआ G7

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन-लेस-बेन्स में आयोजित G7 सम्मेलन में कई प्रमुख वैश्विक नेताओं से बातचीत करेंगे। इसी क्रम में ट्रंप के साथ उनकी अलग से बैठक भी निर्धारित की गई है। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

बुधवार को होगी द्विपक्षीय वार्ता

मोदी और ट्रंप की औपचारिक द्विपक्षीय बैठक बुधवार को तय की गई है। फरवरी 2025 में हुई पिछली बातचीत के बाद यह दोनों नेताओं की पहली प्रत्यक्ष मुलाकात होगी। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की जान चली गई थी। इस घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा और समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

G7 में भारत की लगातार सक्रिय मौजूदगी

G7 शिखर सम्मेलन में अतिथि देश के रूप में भारत की यह 13वीं भागीदारी है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। 15 से 17 जून तक चल रहे इस सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक चुनौतियों और सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं। G7 समूह में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं। इसके अलावा यूरोपीय संघ भी लंबे समय से इस मंच का हिस्सा रहा है। भारत इस सम्मेलन में आमंत्रित अतिथि देश के रूप में भाग ले रहा है और वैश्विक मुद्दों पर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत कर रहा है।

 

 

Written By Toshi Shah