IPL 2026: 19वें सीजन का पहला क्वालीफायर 26 मई, मंगलवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18-18 अंक हासिल किए। अब फाइनल में सीधी एंट्री के लिए भिड़ेंगी। इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि दोनों टीमें इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही हैं।
जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट हासिल करेगी
इस मैच की खास बात यह है कि जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। हारने वाली टीम एलिमिनेटर की विजेता से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होने वाला है।
दो मजबूत टीमों के बीच महामुकाबला
अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच मुकाबला कितना संतुलित रहा है।
धर्मशाला की पिच बल्लेबाजों के लिए बेहतर
धर्मशाला की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, खासकर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना यहां आसान रहता है। इस सीजन यहां ज्यादातर मुकाबलों में लक्ष्य का सफल पीछा किया गया है। केवल एक बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीत सकी थी, जब आरसीबी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 222 रन डिफेंड किए थे। हालांकि वह दिन का मैच था। शाम के मुकाबलों में यहां 200 से ज्यादा के लक्ष्य भी आसानी से हासिल किए गए हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।
तेज तर्रार बल्लेबाज अपनी टीम को देंगे मजबूती
आरसीबी की बल्लेबाजी विराट कोहली,देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार पर काफी हद तक निर्भर करेगी। वहीं गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड अहम भूमिका निभा सकते हैं। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के पास शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं। राशिद खान और मोहम्मद सिराज टीम की गेंदबाजी को मजबूती देंगे।
मैच प्रिडिक्शन
मैच प्रिडिक्शन की बात करें तो आरसीबी का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। अनुमान के मुताबिक मुकाबला 55-45 का हो सकता है। हालांकि धर्मशाला की परिस्थितियों को देखते हुए लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम की जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है। क्रिकेट फैंस को आज एक हाई-वोल्टेज और रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिल सकता है।
Written By: Geeta Sharma