बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रानी मुखर्जी के लिए ये पल बेहद खास रहा। भारतीय सिनेमा में तीन दशक से ज्यादा समय तक शानदार योगदान देने के लिए उन्हें लाट्रोब यूनिवर्सिटी की ओर से मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करने के दौरान रानी मुखर्जी भावुक हो गईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह स्टेज पर डिग्री लेते हुए अपनी भावनाओं को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। मुस्कुराते हुए रानी ने अपने आंसू पोंछे और इस खास पल को यादगार बना दिया।

सम्मान मिलने के बाद रानी मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यह उनकी जिंदगी के सबसे खास पलों में से एक है। उन्होंने बताया कि उन्होंने हमेशा ऐसी फिल्मों को चुना, जिनकी कहानियां लोगों के दिलों को छू सकें और समाज में बदलाव की सोच पैदा कर सकें। रानी ने कहा कि सिनेमा के जरिए उन्होंने हमेशा मजबूत भारतीय महिलाओं और उनकी कहानियों को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की है।

यह भी पढ़ें : 18 साल में शादी, एक साल बाद तलाक... फिर भी नहीं टूटीं सुनिधि चौहान, बनीं बॉलीवुड की टॉप सिंगर

इसके अलावा इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) ने भी रानी मुखर्जी को अभिनय के क्षेत्र में उनके शानदार योगदान के लिए स्पेशल सिटेशन से सम्मानित किया। फेस्टिवल ने उनके 30 साल के फिल्मी सफर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान को देखते हुए यह सम्मान दिया। रानी मुखर्जी ने अपने करियर में ‘ब्लैक’, ‘हम तुम’, ‘युवा’, ‘बंटी और बबली’, ‘नो वन किल्ड जेसिका’, ‘मर्दानी’, ‘हिचकी’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ जैसी यादगार फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रानी मुखर्जी जल्द ही शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाली हैं।

Written by Rozi Sinha