टीएनपी न्यूज़
ब्रेकिंग
मुंबई के कुर्ला में घर पर गिरी बड़ी क्रेन, घायलों की संख्या बढ़कर 10 पहुंची हरियाणा में BJP का Gen-Z कनेक्ट, CM सैनी आज युवा उद्यमियों से करेंगे सीधा संवाद बीएनपी नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति चुने गए गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा ऐलान, लद्दाख में हाई कोर्ट की बेंच स्थापित करने को मिली मंजूरी सोरेन सरकार को बड़ा झटका! JPSC परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक CM रेखा ने दिल्ली मास्टर प्लान 2047 जारी किया, मनोहर लाल-आशीष सूद भी रहे मौजूद वंदे मातरम्र पर अमित शाह का बयान लखनऊ में डबल मर्डर की वारदात सज्जन कुमार का निधन, तिहाड़ जेल में थे बंद, 84 के सिख दंगों में थे दोषी दिल्ली में CM ने किया जन कौशल केंद्र और स्वास्थ केंद्र का उद्धघाटन
राज्य

छात्रों पर लाठीचार्ज से गरमाया रांची... आज BJP का झारखंड बंद, विधानसभा घेराव के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस ने विधानसभा के गेट के सामने डटे छात्रों को खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज किया। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं सड़क पर लेट गए और हटने से इनकार किया।

छात्रों पर लाठीचार्ज से गरमाया रांची... आज BJP का झारखंड बंद, विधानसभा घेराव के बाद बढ़ा विवाद
Ranchi Students Protest

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस समय और तेज हो गया, जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विधानसभा का घेराव किया। करीब दस घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद शाम में पुलिस ने विधानसभा परिसर के बाहर जमा प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया और पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

प्रदर्शनकारियों को विधानसभा के मुख्य गेट के सामने से हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। कई छात्र सड़क पर बैठ गए और वहां से हटने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

नौ दिन से अनशन पर थे देवेंद्र नाथ महतो

छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो भी प्रदर्शन में मौजूद थे। वह पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। लगातार अनशन के कारण उनकी तबीयत पहले ही खराब चल रही थी। इसके बावजूद समर्थक उन्हें एंबुलेंस और बाद में स्ट्रेचर की मदद से विधानसभा के गेट नंबर एक के सामने चल रहे प्रदर्शन में लेकर पहुंचे। शाम को स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की में उन्हें चोट भी लगी।

सदर अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर महतो

प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद देवेंद्र नाथ महतो को रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनका उपचार शुरू किया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। नौ दिनों से जारी भूख हड़ताल के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने से छात्र आंदोलन को लेकर तनाव और बढ़ गया है।

शाम को फिर बढ़ा तनाव

विधानसभा घेराव के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे कई छात्र और अभ्यर्थी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच विवाद शुरू हो गया। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी बीच अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो भी छात्रों के साथ सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कई प्रदर्शनकारी वहां से हटे। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की बात सामने आई है। देर शाम पुलिस ने विधानसभा की चहारदीवारी के बाहर सड़क को प्रदर्शनकारियों से खाली करा लिया।

बीजेपी ने किया आज झारखंड बंद का ऐलान

छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार रात करीब नौ बजे पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बंद की घोषणा की। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। पार्टी ने विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की भी आलोचना की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बीजेपी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग फिर दोहराई है।

14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग

छात्र पिछले 17 दिनों से रांची के मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करना है। अभ्यर्थी पूरे मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग भी कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है और जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

 

ये भी पढ़ें- कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 111 लोगों की मौत; 87 से अधिक लोग घायल

Written By Toshi Shah  

टीएनपी न्यूज़ की टीम देश-दुनिया की हर बड़ी ख़बर आप तक तेज़ी और सटीकता के साथ पहुँचाती है।

शॉर्ट वीडियो

सभी वीडियो