New Delhi: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन की हाथ में उल्टा राष्ट्रीय ध्वज लिए हुए दिखाई गई एक कथित फर्जी तस्वीर प्रसारित किए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से तैयार की गई इस तस्वीर को एक्स, इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सऐप सहित विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रसारित कर देश में विवाद और भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली पुलिस से इस मामले की गंभीरता से जांच करने तथा फर्जी तस्वीर तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
विशेष पुलिस आयुक्त से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल
हर्ष मल्होत्रा के निर्देश पर दिल्ली भाजपा का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव से मिला। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, प्रदेश मंत्री गौरव खारी और लीगल सेल के कन्वीनर एडवोकेट नीरज शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष पुलिस आयुक्त को एक शिकायत पत्र सौंपा और मामले की विस्तृत जांच की मांग की। भाजपा नेताओं ने पुलिस से यह पता लगाने का आग्रह किया कि कथित फर्जी तस्वीर किसने तैयार की, उसे किन माध्यमों से प्रसारित किया गया और इसे वायरल करने के पीछे किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
विपक्ष पर सोशल मीडिया के दुरुपयोग का आरोप
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि राज्य दर राज्य सत्ता खोने के बाद हताश विपक्ष लगातार सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर देश का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर फर्जी सामग्री तैयार करना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसे कथित कुप्रयासों को कभी सफल नहीं होने देंगे। पार्टी ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और फर्जी सामग्री तैयार करने तथा प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: वीर पहाड़िया की नई फिल्म 'प्रेम की तनु' का धमाकेदार टीजर रिलीज, कॉलेज लव स्टोरी की झलक
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से यह भी आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने वाली ऐसी सामग्री के स्रोत और प्रसार की तकनीकी जांच की जाए, ताकि जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जा सके। पार्टी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच से यह स्पष्ट होगा कि तस्वीर वास्तविक है या डिजिटल माध्यम से तैयार की गई भ्रामक सामग्री। दिल्ली भाजपा ने उम्मीद जताई है कि पुलिस शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोषियों की पहचान करेगी और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से भ्रम फैलाने के प्रयास पर प्रभावी रोक लगाएगी।
Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती