RCB vs GT: IPL 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी महाकुंभ से कम नहीं माना जा रहा है। यह हाई-वोल्टेज मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है,लेकिन मैच से पहले मौसम ने फैंस और आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है।

अहमदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी

स्थानीय मौसम विभाग ने अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह भले ही आसमान साफ और धूप खिली हुई थी, लेकिन बादलों की सक्रियता और बदलते मौसम के पैटर्न को देखते हुए तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में फाइनल मुकाबले के दौरान मौसम निर्णायक भूमिका निभा सकता है, जिससे खेल के प्रवाह पर असर पड़ने की आशंका है।

अहमदाबाद में हीटवेव अलर्ट भी जारी किया गया था

एक रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद भीषण गर्मी की चपेट में रहा है। 30 मई को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिसके चलते हीटवेव अलर्ट भी जारी किया गया था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और 1 जून को बारिश की संभावना और अधिक बताई जा रही है। इसी वजह से फैंस के बीच यह सवाल बना हुआ है कि क्या फाइनल मुकाबला बिना रुकावट पूरा हो पाएगा या मौसम खेल में खलल डालेगा।

रिजर्व डे क्या होता है?

आईपीएल नियमों के अनुसार, फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया है ताकि खराब मौसम की स्थिति में भी मुकाबला पूरा कराया जा सके। लेकिन मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि 1 जून को भी बारिश तेज रहती है, तो मैच पर और दबाव बढ़ सकता है। आयोजकों की प्राथमिकता यही होगी कि मुकाबला निर्धारित दिन पर ही समाप्त हो जाए, भले ही ओवरों में कटौती क्यों न करनी पड़े।

बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम होगी विजेता

अगर किसी कारण दोनों दिनों में भी मैच पूरा नहीं हो पाता है,तो लीग स्टेज में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को विजेता घोषित किए जाने का प्रावधान भी मौजूद है। इससे मुकाबले की अहमियत और बढ़ जाती है और हर ओवर की कीमत और भी ज्यादा हो जाती है।

IPL 2023 में भी रिजर्व डे रखा गया था

पिछले वर्षों में भी अहमदाबाद के इस स्टेडियम में मौसम ने IPL फाइनल को प्रभावित किया है,खासकर 2023 में जब बारिश और तेज आंधी के कारण मुकाबला रिजर्व डे तक खिसक गया था। ऐसे अनुभवों को देखते हुए इस बार भी सभी की नजरें आसमान पर टिकी हुई हैं, क्योंकि फैंस एक रोमांचक और बिना बाधा वाला फाइनल देखना चाहते हैं।

Written By: Geeta Sharma