नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताई है। उन्होंने छात्रों पर बल प्रयोग को गलत बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना उनका अधिकार है और समस्याओं का समाधान सिर्फ बातचीत से ही हो सकता है।
छात्रों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है और केवल बातचीत से ही समाधान निकल सकता है।”
आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ संवाद जरूरी
उन्होंने झारखंड सरकार से प्रदर्शनकारी छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ संवाद जारी रखना चाहिए।
राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया सोमवार को रांची में हुए ‘विधानसभा घेराव’ मार्च के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद आई है। यह मार्च JPSC-JSSC Reform Morcha की ओर से राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया था।
छात्रों पर आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन और लाठीचार्ज
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के एक समूह द्वारा बैरिकेड तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश के बाद आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया।
इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा की थी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हिंसा करना गलत है और कांग्रेस इसका समर्थन नहीं करती।
वहीं, JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने दावा किया कि वह पिछले नौ दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन पर हैं, लेकिन अभी तक झारखंड सरकार का कोई प्रतिनिधि प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान विवाद और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर खड़गे का PM मोदी पर हमला
झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने के अधिकार का सम्मान करती है, लेकिन परीक्षाओं को रद्द करने जैसे मुद्दों पर संवैधानिक दायरे में रहकर ही कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं और बल प्रयोग से बचने को कहा गया है।
Written By: Pradeep Singh