लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जो देश की शिक्षा नगरी कोटा में देश भर से आए कोचिंग छात्रों और नीट पीड़ितों से सीधा संवाद किया। इस दौरान कोटा के एक निजी होटल के बंद कमरे में एक नीट अभ्यर्थी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। छात्र ने बताया की 'सर, जब रात-दिन एक करने के बाद पता चलता है कि पेपर लीक हो गया, 'तो होप टूट जाती है। ऐसा लगता है जैसे हमारे मां-बाप के खून-पसीने की कमाई को किसी ने एक झटके में लूट लिया हो।' छात्रों का दर्द सुनने के बाद राहुल गांधी ने बेहद भावुक लेकिन आक्रामक अंदाज में कहा, 'कोटा और देश के कोने-कोने से आए मेरे युवा साथियों, आज मैं आपके बीच केवल भाषण देने नहीं, बल्कि आपके दिल की बात सुनने और आपकी लड़ाई को संसद तक ले जाने आया हूं।'
भ्रष्ट व्यवस्था युवाओं के सपनों को बेरहमी से तोड़ा-राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि आप सब कोटा आते हैं, आपके परिवार अपनी पूरी जमा-पूंजी, अपनी जमीन गिरवी रखकर आपको यहां भेजते हैं ताकि आप डॉक्टर, इंजीनियर बन सकें। जरा सोचिए- देशभर के परिवार मिलकर जितना पैसा सिर्फ इस NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर खर्च कर रहे हैं, वह भारत सरकार के पूरे शिक्षा बजट के बराबर है, उन्होंने कहा कि रिस्क छात्रों का होता है, पैसा परिवारों का लगता है, लेकिन अंत में यह भ्रष्ट व्यवस्था युवाओं के सपनों को बेरहमी से तोड़ देती है।
भारत की शिक्षा व्यवस्था आज सिर्फ़ एक वसूली तंत्र बन गई है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 17, 2026
ज़रा सोचिए - देशभर के परिवार जितना पैसा सिर्फ़ NEET की तैयारी पर ख़र्च करते हैं, वो भारत सरकार के पूरे शिक्षा बजट के बराबर है।
आज कोटा से, और देश के हर कोने से, लाखों युवा एक सुर में कह रहे हैं - इस व्यवस्था ने हमारे… pic.twitter.com/06qcSul7ed
'शिक्षा मंत्री को तुरंत पद से हटाओ'
देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली को राहुल गांधी ने युवाओं के खिलाफ देश का सबसे बड़ा अन्याय करार दिया, उन्होंने कहा कि हर एक पेपर लीक और रद्द होती परीक्षा सिर्फ एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए मांग की, उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात जागकर पढ़ाई करते हैं, और परीक्षा के बाद पता चलता है कि पेपर बिक गया, और धांधली होती है, तो शिक्षा मंत्री कहते हैं कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि मैं मांग करता हूं कि ऐसे गैर-जिम्मेदार मंत्रियों को तुरंत उनके पद से हटाया जाना चाहिए।
तनाव और आत्महत्याओं पर जताई गहरी चिंता
संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कोटा में छात्रों के बढ़ते मानसिक तनाव और आत्महत्याओं के गंभीर मुद्दे पर भी बात की, उन्होंने कहा कि आज छात्र रैंक की चिंता से ज्यादा इस बात से डरते हैं कि परीक्षा का पैटर्न अचानक न बदल जाए या पेपर लीक न हो जाए।
कोटा से उठेगी 'छात्रों की गूंज' नाम की नई क्रांति
राहुल गांधी ने छात्रों में नया जोश भरते हुए आह्वान किया कि यदि सरकार आपकी आवाज नहीं सुन रही है, तो हमें अपनी आवाज को और बुलंद करना होगा। उन्होंने घोषणा की कि 'छात्रों की गूंज' सिर्फ कोई राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि एक राष्ट्रव्यापी क्रांति है। कोटा से शुरू हुई यह गूंज आने वाले दिनों में इलाहाबाद, पटना, दिल्ली और देश के हर एक कोने तक जाएगी। अंत में छात्रों को भरोसा दिलाते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'आप इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं। सड़क से लेकर संसद तक, मैं आपके साथ चट्टान की तरह खड़ा हूं। अपने हक के लिए जागिए, सरकार से सवाल करिए और अपनी आवाज उठाइए।'
Written By Toshi Shah