पुणे: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर Gen Z के बीच दिख रहा क्रेज चर्चा का विषय बन गया। कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर की गईं, जिनमें कुछ युवक और युवतियां मोबाइल फोन की स्क्रीन पर राहुल गांधी को लेकर मजेदार और दिलचस्प बातें लिखे नजर आईं।

बता दें कि एक युवती की मोबाइल स्क्रीन पर लिखा था 'मम्मी ने कहा था अच्छा लड़का चुनना… मैंने राहुल गांधी को चुन लिया'। वहीं किसी ने 'Wild card entry, I love Rahul Gandhi' लिखा, तो किसी ने पोस्टर पर 'The time for Rahul' जैसे संदेश नजर आए। इन पोस्ट ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर युवाओं, खासकर Gen Z के बीच बढ़ती दिलचस्पी को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

महिलाओं की आजादी और पहचान पर बोले राहुल गांधी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने महिलाओं की स्वतंत्रता और उनकी पहचान को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने मनुस्मृति में महिलाओं को पिता, पति और पुत्र के अधीन रखने की व्यवस्था की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया। राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं की पहचान केवल बेटी, पत्नी या मां तक सीमित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश की करीब 70 करोड़ महिलाएं भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके मुताबिक महिलाएं पुरुषों की तुलना में अधिक संवेदनशील, दयालु और दूरदर्शी होती हैं। राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को अपने जीवन, सपनों और भविष्य के फैसले खुद लेने का अधिकार होना चाहिए।

‘महिलाएं किसी की प्रॉपर्टी नहीं’
राहुल गांधी ने कहा कि महिलाएं किसी की संपत्ति नहीं हैं। न वे पिता की हैं, न पति की और न ही बेटे की। उन्होंने महिलाओं के सामने मौजूद सामाजिक बंधनों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें दहेज नहीं, सपने; बेड़ियां नहीं, विकल्प; कम उम्र में विवाह नहीं, शिक्षा, भेदभाव नहीं, सम्मान और डर नहीं, स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेटी, पत्नी या मां के रूप में देखना गलत नहीं है, लेकिन यह उनकी एकमात्र पहचान नहीं हो सकती। महिलाएं पेशेवर, खिलाड़ी और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली स्वतंत्र शख्सियत भी हैं।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Congress (@incindia)

युवाओं से बोले- मैं भाषण देने नहीं, आपकी बात सुनने आया हूं
राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि वह युवाओं की बात सुनने आए हैं, न कि केवल भाषण देने या राजनीति पर चर्चा करने। उन्होंने भारत की असली ताकत के सवाल पर कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, सेना और मेडिकल सिस्टम महत्वपूर्ण हैं, लेकिन भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी महिलाएं हैं। कार्यक्रम की तस्वीरों में युवाओं की ओर से राहुल गांधी के लिए दिखाई गई दिलचस्प प्रतिक्रियाओं ने सोशल मीडिया पर अलग ही माहौल बना दिया। खासकर 'मम्मी ने कहा था अच्छा लड़का चुनना… मैंने राहुल गांधी को चुन लिया' जैसे संदेश ने लोगों का ध्यान खींचा और Gen Z के बीच राहुल गांधी की लोकप्रियता को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी। 

और पढ़ें: CNG ऑटो का दौर खत्म! 2027 से दिल्ली में ब्रेक, 2028 में नोएडा-गाजियाबाद समेत इन शहरों में भी थमेगा रजिस्ट्रेशन