लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की चुनाव के बाद हुई हत्या की कड़ी निंदा की है, उन्होंने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

राहुल गांधी टीएमसी पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक माहौल खत्म होता दिख रहा है और वहां टीएमसी के लोगों का दबदबा बढ़ गया है, उन्होंने कहा कि देबदीप चटर्जी की हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है तथा उनके परिवार के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की।

राहुल गांधी ने टीएमसी पर लगाया आरोप

अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव के बाद विपक्षी आवाजों को दबाने, डराने और हिंसा का शिकार बनाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अहिंसा और संविधान के रास्ते पर चलने वाली पार्टी रही है और आगे भी उसी सिद्धांत पर कायम रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा के साथ उचित मुआवजा दिया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कही ये बात

उधर, पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देबदीप पर कथित तौर पर सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों ने हमला किया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कांग्रेस का आरोप है कि इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और विपक्षी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

Written By Toshi Shah