थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार (13 जुलाई) की सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। शहर के उत्तरी क्षेत्र में स्थित एक लोकप्रिय पब में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
लोगों के अनुसार, आग लगते ही पब के भीतर अफरा-तफरी मच गई। तेजी से फैलती लपटों और घने धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
थाईलैंड के पीएम ने घटनास्थल का किया दौरा
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना, उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद पब के अंदर धुआं तेजी से भर गया, जिससे कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से और बाथरूम की ओर भागे। बचाव अभियान के दौरान अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया।
हादसे में घायल हुए 63 लोगों का इलाज जारी
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी सुरियाचाई ने बताया कि हादसे में घायल हुए 63 लोगों का इलाज जारी है। वहीं, बैंकॉक के गवर्नर चडचार्ट सित्तिपुंट ने कहा कि अस्पताल में भर्ती कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
बचाव दल के पहुंचे से पहले परिसर में फैली आग
अधिकारियों के मुताबिक, जब तक फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग पूरे परिसर में फैल चुकी थी। यह पब उत्तर बैंकॉक के चतुचक इलाके में स्थित 'रॉन्ग बीयर ना लात फ्राव' (Rong Beer Na Lat Phrao) नामक एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और मनोरंजन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आग लगने की वजह का नहीं लग सका है अभी तक पता
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की जांच कर रहे हैं ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। उल्लेखनीय है कि थाईलैंड में इस तरह की आग की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में भी एक अग्निकांड में 14 लोगों की जान चली गई थी। ताजा हादसे के बाद सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
Written By Toshi Shah