पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट (जालंधर) ने एक कथित जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए फिरोजपुर के सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि वह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक था और यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा हुआ था।
आरोपी और उसके सहयोगी पंजाब में सेट कर रहे थे सोलर
जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके सहयोगी पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सोलर पावर से चलने वाले कैमरे स्थापित कर रहे थे। इनका उद्देश्य संवेदनशील इलाकों, खासकर सैन्य और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखना था।
मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार, इन कैमरों में सिम आधारित कनेक्टिविटी लगी थी, जिसके जरिए रिकॉर्ड किए गए वीडियो सीधे मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स तक भेजे जा रहे थे। कपूरथला से चीन में बने कुछ सोलर कैमरा उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
राज्य विशेष अभियान ने दर्ज की केस
इस मामले में अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां बाहर भेजी गईं।
11 लोग हुए गिरफ्तार
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा है कि राज्य विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। इसी तरह का एक मामला अप्रैल 2026 में दिल्ली में भी सामने आया था, जहां दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने एक जासूसी नेटवर्क का खुलासा कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस केस में भी सोलर कैमरों के जरिए सैन्य गतिविधियों की निगरानी और जानकारी बाहर भेजने का आरोप सामने आया था।
Written By Toshi Shah