Punjab Paper Leak Protest: पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा को लेकर कथित पेपर लीक विवाद अब राजनीतिक और छात्र संगठनों के विरोध का बड़ा मुद्दा बन गया है। राजधानी चंडीगढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने पेपर लीक के आरोपों को किया खारिज
विवाद के बीच शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पेपर लीक के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह मामला प्रश्नपत्र लीक होने का नहीं, बल्कि हाईटेक उपकरणों के माध्यम से नकल करने का है। मंत्री के अनुसार, कुछ लोगों ने तकनीकी साधनों का दुरुपयोग कर परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया। सरकार का दावा है कि परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया है।
विपक्ष ने CBI जांच की उठाई मांग
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने भी राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ है।
ये भी पढ़ें: Punjab Paper Leak Protest: छात्रों का बड़ा आंदोलन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग!
पुलिस ने नकल गिरोह का किया था भंडाफोड़
गौरतलब है कि 19 जुलाई को पंजाब पुलिस ने फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा के दौरान एक अंतर-राज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई में गिरोह के 11 सदस्यों और 10 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी हाईटेक उपकरणों के जरिए परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने की साजिश में शामिल थे। इसी घटना के बाद पेपर लीक को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया।
सरकार और विपक्ष आमने-सामने
AAP सरकार का कहना है कि उसके कार्यकाल में किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष बिना ठोस सबूतों के सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। वहीं विपक्ष का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके।
Written By: Geeta Sharma