दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 'वंदे मातरम्'गाए जाने को लेकर शुरू हुआ था। लेकिन यह विवाद अब कानूनी जांच के दायरे में आ गया है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग वाली शिकायत की जांच शुरू कर दी है। यह शिकायत 16 अगस्त को,स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के अगले दिन दर्ज कराई गई थी। 

शिकायत में क्या कहा गया?

वहीं शिकायतकर्ता का आरोप है कि 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में 'वंदे मातरम्'के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने वहां मौजूद लोगों के साथ ऐसे इशारे और बातचीत की,जिन्हें शिकायतकर्ता ने राष्ट्रगीत के गायन पर आपत्ति के रूप में समझा। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना गया,'हम वंदे मातरम नहीं गा रहे हैं।'

हालांकि,ये सभी आरोप फिलहाल शिकायत में किए गए दावे हैं। दिल्ली पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य संबंधित सामग्री की जांच कर रही है ताकि कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसका पता लगाया जा सके।

कानून को लेकर भी उठे सवाल

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने दावा किया कि 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026' को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल चुकी है और यह लागू हो चुका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस कानून के तहत 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान के बराबर का दर्जा प्राप्त है और इसके प्रावधान सभी लोगों पर लागू होते हैं। हालांकि, इस कानूनी दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना महत्वपूर्ण है। केवल किसी कानून या संशोधन का उल्लेख किए जाने से यह साबित नहीं होता कि शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आपराधिक कार्रवाई बनती है।

ये भी पढ़ें: शहजाद पूनावाला के इस्तीफे पर उठे सवाल, आखिर किस वजह से लिया इतना बड़ा फैसला?

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप 

विवाद सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेताओं पर 'वंदे मातरम्' के अपमान का आरोप लगाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस की आलोचना की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कार्यक्रम के दौरान हुई घटनाओं की अलग व्याख्या पेश की है। पार्टी ने बीजेपी पर राजनीतिक मुद्दे को बढ़ाने और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है।

Written By: Geeta Sharma