प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया और भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
कमेंट सेक्शन में की गई थी आपत्तिजनक टिप्पणी
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस टिप्पणी में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर धमकी भरे शब्द लिखे गए थे।
अबू मुस्तफा नाम के अकाउंट से की गई थी टिप्पणी
बताया गया है कि यह टिप्पणी अबू मुस्तफा नाम के एक फेसबुक अकाउंट से की गई थी। कमेंट में कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रखने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ हिंसक धमकी दी गई, जिसके बाद मामला तुरंत सुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में आया।
ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मिलते ही ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि टिप्पणी वास्तव में किस व्यक्ति ने की, उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस मामले में किसी आपराधिक कानून का उल्लंघन हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संबंधित अकाउंट से जुड़े आईपी एड्रेस की भी जांच की जा रही है।
ऐसे मामले में कानूनी कार्रवाई करती है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख की यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की धमकी या सुरक्षा जोखिम को कानून प्रवर्तन एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करती हैं।
Written By Toshi Shah