भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल और असम में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के लिए पर्यवेक्षकों के नाम तय कर दिए हैं। पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं असम में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। जानकारी के अनुसार अमित शाह कोलकाता पहुंचकर नव-निर्वाचित विधायकों से चर्चा करेंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को प्रस्तावित है।
रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर होना था आयोजित
इससे पहले यह चर्चा थी कि समारोह 7 मई, यानी रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन आयोजित हो सकता है। राज्य में बीजेपी ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि टीएमसी को 82 सीटें मिली हैं। पार्टी ने पुडुचेरी के लिए भी पर्यवेक्षकों की घोषणा की है, जहां मनसुख मांडविया और निर्मल कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।
किस राज्य में कौन बना पर्यवेक्षक
* पश्चिम बंगाल – अमित शाह, मोहन चरण मांझी
* असम – जेपी नड्डा, नायब सिंह सैनी
* पुडुचेरी – मनसुख मांडविया, निर्मल कुमार
बंगाल में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा तेज
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे ज्यादा चर्चा सुवेंदु अधिकारी के नाम की हो रही है। ममता बनर्जी लंबे समय तक राज्य की मुख्यमंत्री रहीं, ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि बीजेपी किसी मजबूत स्थानीय चेहरे को आगे करेगी या महिला नेतृत्व पर भरोसा जताएगी। सुवेंदु अधिकारी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के नाम भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वहीं महिला मुख्यमंत्री की संभावना को लेकर रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल के नाम सामने आ रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत हासिल की है, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है।
महिला मुख्यमंत्री या सुवेंदु अधिकारी?
पश्चिम बंगाल के इतिहास में अब तक केवल ममता बनर्जी ही महिला मुख्यमंत्री रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी महिलाओं के प्रभावशाली वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए किसी महिला चेहरे को मौका दे सकती है। दूसरी ओर सुवेंदु अधिकारी को भी पार्टी का मजबूत संगठनात्मक और जनाधार वाला नेता माना जा रहा है। राज्य के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो बिधान चंद्र राय पश्चिम बंगाल के पहले मुख्यमंत्री थे। इसके बाद प्रफुल्ला चंद्र सेन, अजय मुखर्जी, सिद्धार्थ शंकर रे, ज्योति बसु और बुद्धदेव भट्टाचार्य जैसे नेताओं ने भी राज्य की कमान संभाली।
Written By Toshi Shah