लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विदेश नीति से जुड़े बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी नेताओं से मुलाकात और गले मिलने के अंदाज की नकल करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला।
बीजेपी संसद ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए, उन्होंने लिखा कि क्या राहुल गांधी की मानसिक स्थिति ठीक है और उनके लिए रांची का कांके सही जगह हो सकती है। वहीं,बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधा, उन्होंने एक पोस्ट में लिखा कि जो ऊंचाई हासिल नहीं कर पाते, वे अभद्र व्यवहार का सहारा लेते हैं और तर्कों में हारने के बाद मर्यादा की सीमाएं पार कर देते हैं।
विनोद तावड़े ने राहुल गांधी के बयान को बताया शर्मनाक
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई, उन्होंने कहा कि किसी संप्रभु देश की राष्ट्राध्यक्ष और भारत के प्रधानमंत्री को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है। उनके मुताबिक, ऐसा व्यवहार देश की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की गरिमा को नुकसान पहुंचाता है।
हिमंत सरमा का राहुल गांधी पर वार
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने एक बार फिर शालीनता की सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मित्र देश की महिला राष्ट्राध्यक्ष को लेकर की गई टिप्पणी राजनीतिक अशिष्टता के साथ-साथ भारत के कूटनीतिक रिश्तों के लिए भी नुकसानदायक है।
प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी की टिप्पणी को हताशा और निराशा से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए विपक्षी नेताओं को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने राजनीतिक आलोचना की सीमाओं को पार कर दिया है। इस मामले में शिरोमणि अकाली दल ने भी राहुल गांधी के बयान की आलोचना की। पार्टी नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर नेताओं को भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- Tata Safari EV की एंट्री जल्द... शानदार कीमत के साथ मिलेगे कई धांसू फीचर्स
Written By Toshi Shah