पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है, जबकि दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस चरण में 8 जिलों की 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं 4 मई को पश्चिम बंगाल के साथ-साथ केरल, कर्नाटक, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और जीत के दावे तेज हो गए हैं।
बैरकपुर में पीएम मोदी करेंगे जनसभा को संबोधित
दूसरे चरण के मतदान से पहले नरेंद्र मोदी आज यानी सोमवार (27 अप्रैल) को उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। कांकीनाड़ा के ऐतिहासिक जलेबी मैदान में होने वाली यह रैली भाजपा के प्रचार अभियान का अहम और अंतिम चरण मानी जा रही है। इस सभा के जरिए पीएम मोदी बैरकपुर सहित आसपास की कई सीटों पर चुनावी समीकरण साधने की कोशिश करेंगे।
सीएम योगी चार चुनावी कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी सोमवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चार चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे सुबह से शाम तक अलग-अलग विधान सभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर 24 परगना के कल्याणी विधान सभा क्षेत्र में सुबह 11:50 बजे रोड शो से होगी। इसके बाद दोपहर 2:05 बजे हुगली के धानेखाली में जनसभा को संबोधित करेंगे। तीसरा कार्यक्रम कोलकाता के दमदम विधान सभा क्षेत्र में 3:25 बजे रोड शो होगा। मुख्यमंत्री का दिन का अंतिम कार्यक्रम 4:10 बजे राजारहाट गोपालपुर में जनसभा के रूप में होगा।
बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
इस बीच राज्य में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले में रविवार रात तनाव काफी बढ़ गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि TMCसमर्थकों ने जगद्दल इलाके में उनकी प्रचार सामग्री का अपमान किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों पक्षों के समर्थक जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने आमने-सामने आ गए। इस दौरान बहस, पत्थरबाजी और हाथापाई हुई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी प्रयास करने पड़े।
राजनाथ सिंह ने दी चेतावनी
इसी बीच राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल में “गुंडों” को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो ऐसे तत्व या तो जेल में होंगे या फिर “ऊपर” भेज दिए जाएंगे।
कच्चे बम बनाने वालों पर चुनाव आयोग का सख्ती
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले राज्यभर में कच्चे बम बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने रविवार को दूसरे चरण की ड्यूटी में तैनात केंद्रीय बलों को यह कार्रवाई करने को कहा। आयोग ने केंद्रीय बलों को यह भी निर्देश दिया है कि वे बम निष्क्रिय करने की कार्रवाई तुरंत तेज करें और यह सुनिश्चित करें कि मतदान के दिन कहीं भी बम धमाका न हो।
Written By Toshi Shah