संसद के मानसून सत्र का आखिरी सप्ताह शुरू होने के बावजूद सरकार और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव कम होता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को संसद परिसर में दोनों पक्षों के सांसदों के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। इसी दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद मुकेश दलाल के बीच भी आमना-सामना हुआ। प्रियंका गांधी जब संसद भवन की ओर जा रही थीं, उसी समय मुकेश दलाल ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। बीजेपी सांसद के हाथ में पोस्टर भी थे, जिनमें झारखंड में छात्रों के साथ कथित कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांगा गया था। दलाल ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाते हुए उनसे झारखंड के छात्रों से जुड़े मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी
इस दौरान प्रियंका गांधी ने बीजेपी सांसद के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद वह मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गईं। हालांकि, इस संक्षिप्त बातचीत के बाद भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा। बाद में मुकेश दलाल ने मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर सवाल उठाया, उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी आखिर झारखंड कब गए थे। बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के झारखंड नहीं जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए।
#WATCH | Delhi: Congress MP Priyanka Gandhi Vadra arrives at the Parliament amid NDA MPs' protest against the Opposition, alleging them of running away from discussion in Parliament.
— ANI (@ANI) August 11, 2026
Priyanka Gandhi Vadra says, "Rahul Gandhi has met the students from Jharkhand." pic.twitter.com/CwcSA96x4P
मुकेश दलाल ने राहुल गांधी के झारखंड दौरे पर उठाए सवाल
दलाल के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने बातचीत के दौरान उन्हें बताया था कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर काम कर रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि अगर राहुल गांधी झारखंड के मामले पर सक्रिय हैं, तो उन्होंने राज्य का दौरा क्यों नहीं किया। संसद के भीतर और बाहर विपक्ष तथा सत्तापक्ष के बीच जारी यह बयानबाजी मानसून सत्र के अंतिम दिनों में बढ़ते राजनीतिक तनाव को दर्शाती है।
Written By Toshi Shah