नई दिल्ली। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूज गंज में संकुल-स्तरीय ‘राष्ट्रीय एकता पर्व 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देना, भारत की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 तथा NCF-SE 2023 के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में दो प्रमुख आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ (EBSB) और ‘कला उत्सव’ शामिल रहे। EBSB के तहत विद्यार्थियों ने समूह नृत्य और कलाकृतियों एवं परियोजनाओं की प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और ‘विविधता में एकता’ की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

नृत्य, पेंटिंग से लेकर कहानी वाचन तक हुए विभिन्न आयोजन

‘कला उत्सव’ के अंतर्गत एकल एवं समूह नृत्य, 2डी पेंटिंग, 3डी कला, स्वदेशी खिलौने एवं खेल, रंगमंच तथा कहानी वाचन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अलग-अलग केंद्रीय विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने भारतीय कला और परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियों के जरिए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

निर्णायकों के पैनल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन

प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रदर्शन कला और दृश्य कला के क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित निर्णायकों के पैनल ने निर्धारित मानदंडों के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के छात्रों, शिक्षकों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूज गंज के प्राचार्य डॉ. विवेक यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने विजेताओं को प्रतियोगिता के आगामी स्तरों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती

Edited By: Shivashakti Narayan Singh