मंगलवार 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम दौरे के दौरान एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। गंगटोक में पीएम ने बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए कुछ शानदार पल बिताए।

साथ ही इस खास मौके की तस्वीरें पीएम ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है। जिसमें वे बच्चों के साथ खेलते और बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही PM मोदी ने गंगटोक के पलजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्य बनने के 50वें साल के जश्न के समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने सिक्किम के राज्य बनने के 50वें साल के जश्न के समापन समारोह को संबोधित किया।

राज्य के 50वें स्थापना दिवस पर बोले पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के राज्य बनने के 50वें साल के जश्न के समापन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'यहां आते ही एक नई अनुभूति नया माहौल, मन खुशियों से भर गया। रात में हुई बारिश, फिर सुबह की ठंडक और ये खिली हुई धूप। सिक्किम के रंग ही निराले हैं। पूरब का स्वर्ग सिक्किम, आर्किडस का गार्डन सिक्किम। इसका अप्रतिम सौंदर्य, यहां की शान्ति, यहां का अनुभूति बड़े सौभाग्य से मिलती है।'

PM ने ऑर्किडेरियम की शेयर कीं झलकियां

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री ने गंगटोक में ऑर्किडेरियम के अपने दौरे की झलकियां शेयर कीं। पीएम ने कहा,'सिक्किम की रिच बायोडायवर्सिटी सच में बहुत अच्छी है। ऐसी कोशिशें नेचर के साथ हमारे गहरे तालमेल को दिखाती हैं।'

विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

इस दौरान सिक्किम के विकास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को लेकर कई अहम घोषणाएं की। पीएम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही पीएम ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

एक्सप्रेसवे और रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा: पीएम

प्रधानमंत्री ने गंगटोक में एक सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि बागडोगरा से सिक्किम को जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे और गंगटोक में रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आवाजाही आसान होगी। साथ ही पिछली कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सिक्किम के विकास परियोजनाओं को लंबे समय तक नजरअंदाज किया।

टूरिज्म को बढ़ावा देने पर दिया जोर

पीएम मोदी ने आगे कहा कि सरकार सिक्किम में इको-वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है और करीब 1,000 होमस्टे बनाए जा रहे हैं। एडवेंचर टूरिज्म के लिए भी बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र को बताया अष्टलक्ष्मी

पीएम ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश की अष्टलक्ष्मी बताते हुए कहा कि सरकार 'एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट' नीति के तहत विकास कर रही है। उनके अनुसार, पूर्वोत्तर भविष्य में सतत विकास और आधुनिक ग्रोथ का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

खेल क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा, ताकि फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेलों में प्रतिभाओं को निखारा जा सके।

 Written By: Geeta Sharma