New Delhi: पीएम मोदी के ईंधन बचत की अपील का असर अब राजनेताओं के बीच दिखने लगा है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो से सफर किया है। इसका वीडियो सामने आया है। बता दें, पीएम मोदी ने देश से ईंधन बचत की अपील की थी। जिसके बाद कई
सीएम और मंत्रियों ने अपना काफिला छोटा किया है।

प्रवेश वर्मा का बयान

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा का ईंधन बचत पर बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि आज हम ही नहीं बल्कि दिल्ली सरकार के सभी अधिकारी और सचिवालय के कर्मचारी भी मेट्रो से आ रहे हैं। आगे कहा कि पीएम ने जो अपील की है,उसे फॉलो करने की कोशिश दिल्ली सरकार के लोग कर रहे हैं।

आशीष सूद ने क्या कहा?

दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में नेताओं और आम जनता दोनों की सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने बताया कि उन्होंने आज अपने सभी कार्यक्रमों के लिए मेट्रो का इस्तेमाल किया। वे अपने घर से एक स्कूल कार्यक्रम में मेट्रो से पहुंचे,फिर सचिवालय गए और वापस घर लौटने के लिए भी मेट्रो का ही सहारा लिया। उन्होंने कहा कि देश में किसी तरह का ईंधन संकट नहीं है, लेकिन देश को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आलोचना करना उनका काम है और सरकार को उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रधानमंत्री की अपील का दिख रहा असर

मेट्रो से सफर कर रही जनता ने भी सार्वजनिक परिवहन के समर्थन में अपनी राय रखी। लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद वे निजी वाहनों की बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग कर रहे हैं। कई यात्रियों ने खुशी जताई कि मुख्यमंत्री भी मेट्रो से सफर कर रही हैं। उनका कहना था कि जब मुख्यमंत्री खुद मेट्रो का इस्तेमाल कर सकती हैं, तो आम लोगों को भी ऐसा करना चाहिए। यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो की बेहतर कनेक्टिविटी की सराहना करते हुए कहा कि इससे ट्रैफिक और गर्मी दोनों से राहत मिलती है और खर्च भी कम होता है।

Written By: Geeta Sharma