प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज यानी सोमवार से दो दिन के सिक्किम (Sikkim) दौरे पर जा रहे हैं, जहां वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वे ₹4000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे, जिनका उद्देश्य राज्य के समग्र विकास को गति देना है।
दोपहर में पहुंचेंगे गंगटोक
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3 बजे सिक्किम की राजधानी गंगटोक (Gangtok) पहुंचेंगे। यहां वे लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस लोक भवन तक रोड शो करेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को उनसे सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि 16 मई 2025 को सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे हुए थे। उस समय प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से समारोह में भाग लिया था, जबकि अब वे समापन कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे।
पीएम मोदी कई परियोजनाओं की रखेंगे नींव
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, पर्यावरण और कृषि जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं की नींव रखेंगे। इन परियोजनाओं में नामची में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल और देओराली में 30 बिस्तरों वाला अस्पताल शामिल है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाएंगे। इसके अलावा Teesta River पर दो डबल-लेन स्टील पुल बनाए जाएंगे, जिससे परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा। गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट की स्थापना भी की जाएगी, जो प्रशासनिक प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहायक होगी।
सिक्किम का इतिहास
14 अप्रैल 1975 को सिक्किम में एक रेफरेंडम कराया गया, इसमें सिक्किम के लोगों ने भारत में शामिल होने या न होने के लिए वोटिंग की। 97.5% यानी 59,637 लोगों ने भारत में शामिल होने के पक्ष में वोट किए जबकि सिर्फ 1,496 लोगों ने इसका विरोध किया। 26 अप्रैल को सिक्किम को भारत का 22वां राज्य बनाने के लिए संसद में 36वां संविधान संशोधन बिल पास किया गया।
Written By Toshi Shah