प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 अप्रैल तक सिक्किम और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गंगटोक में सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे और उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। वे 27 अप्रैल को गंगटोक पहुंचेंगे और अगले दिन पालजोर स्टेडियम में होने वाले समारोह में भाग लेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे।

उत्तर प्रदेश दौरे में पीएम मोदी के कार्यक्रम
28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे। शाम करीब 5 बजे वे वाराणसी में महिला सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वे करीब 6,350 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 29 अप्रैल को वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करेंगे। इसके बाद हरदोई जाकर गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे, जो राज्य के लिए एक बड़ी परियोजना मानी जा रही है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री करीब 5,300 करोड़ रुपये की 112 से ज्यादा परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे। साथ ही वे बनास डेयरी से जुड़े दूध सप्लायर्स को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी देंगे।

नई ट्रेनों और रेल परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी जंक्शन से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस योजना में गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल बनाना भी शामिल है। इसके साथ ही वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

Written By: Namita Verma