प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा फैसला लेने की घोषणा की है, उन्होंने कहा कि पेपर लीक से जुड़े मामलों की तेजी से सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए देश में विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। इन अदालतों का उद्देश्य ऐसे मामलों का शीघ्र निपटारा करना और दोषियों को बिना अनावश्यक देरी के कड़ी सजा दिलाना होगा। प्रधानमंत्री ने संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

पीएम सोशल मीडिया पर जारी किया पोस्ट

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा, उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखना और मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत पेपर लीक के मामलों में न्यायिक प्रक्रिया को तेज करने का निर्णय लिया गया है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से जांच और सुनवाई की प्रक्रिया में तेजी-पीएम

उन्होंने स्पष्ट किया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से जांच और सुनवाई की प्रक्रिया में तेजी आएगी, जिससे आरोपियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई संभव हो सकेगी। लंबे समय तक मामलों के लंबित रहने से छात्रों में पैदा होने वाली निराशा को भी इस कदम से कम करने की कोशिश की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को जल्द सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने का साहस न कर सके।

पीएम मोदी ने अधिकारियों को दिया निर्देश

पीएम मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना और संचालन से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लाखों छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

पीएम मोदी ने पेपल लीक करने वालों दी चेतावनी

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ऐसे अपराधों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाना समय की मांग है।

पीएम की इस घोषणा से परीक्षा अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत

प्रधानमंत्री की इस घोषणा को छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए राहत देने वाला कदम माना जा रहा है। हाल के वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं की मेहनत और उम्मीदों को प्रभावित किया है। सरकार का मानना है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन से मामलों का जल्द निपटारा होगा, दोषियों को कठोर दंड मिलेगा और परीक्षा प्रणाली में लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

 

Written By Toshi Shah