जकार्ता: इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने घोषणा की कि पीएम मोदी को देश के प्रतिष्ठित सम्मान 'Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत होते ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए दिया गया है।
सम्मान मिलने के बाद PM मोदी ने क्या कहा?
जकार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और इंडोनेशिया की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों का सम्मान है और यह भारत-इंडोनेशिया के वर्षों पुराने संबंधों का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा, "मैं इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए अपने मित्र राष्ट्रपति प्रबोवो का आभार व्यक्त करता हूं। पिछले वर्ष भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में हमें उनका मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत करने का अवसर मिला था। आज उनके निमंत्रण पर इंडोनेशिया आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है।" उन्होंने आगे कहा, "आज सुबह मुझे जिस स्नेह और सम्मान के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया, वह सम्मान करोड़ों भारतवासियों का है। यह इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं और भारत-इंडोनेशिया के ऐतिहासिक व आत्मीय संबंधों का सम्मान है।"
भारत-इंडोनेशिया साझेदारी में नए दौर की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों में एक नए और सुनहरे अध्याय की शुरुआत हो रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव 21वीं सदी की दुनिया पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता विश्वास रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत कर रहा है। भारत और इंडोनेशिया ने रक्षा सहयोग, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई है। पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों के कोस्ट गार्ड हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा ब्लू इकोनॉमी, बंदरगाह विकास और समुद्री व्यापार के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोगन
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया दोनों देशों की प्राथमिकता गरीबी को कम करना और आम नागरिकों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भारत ने अपनी मिड-डे मील योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े अनुभव इंडोनेशिया के साथ साझा किए हैं। दोनों देश अब इस सहयोग को और आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि नए समझौतों से इंडोनेशिया के नागरिकों को बेहतर और सस्ती भारतीय दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही भारत इंडोनेशिया के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता बढ़ाने में भी सहयोग करेगा।
Written By: Archana Gupta