अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और वैश्विक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हितों को ध्यान में रखते हुए आगे भी मिलकर काम करते रहेंगे। रुबियो की यह चार दिवसीय यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब हाल के महीनों में अमेरिकी टैरिफ नीतियों के कारण दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव देखने को मिला था। इस यात्रा को द्विपक्षीय रिश्तों को फिर से मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का मिला निमंत्रण
नई दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कही ये बात
यात्रा से पहले रुबियो ने कहा था कि अमेरिका भारत को ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने का इच्छुक है, उनका मानना है कि अमेरिकी ऊर्जा संसाधन भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने में भी मदद कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि दोनों देशों ने व्यापार और रक्षा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा महत्वपूर्ण एवं उभरती तकनीकों के क्षेत्र में तेज़ी से काम करने पर सहमति जताई है।
अमेरिका ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार पर प्रभाव जमाने का नहीं देगा अनुमति
बैठक के दौरान रुबियो ने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार पर प्रभाव जमाने या उसे बाधित करने की अनुमति नहीं देगा। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ओर से शांति प्रयासों के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि सभी विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कही ये बात
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट के अनुसार, रुबियो और मोदी ने भारत-अमेरिका साझेदारी के रणनीतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की, उन्होंने दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में ‘मिशन 2030’ के तहत व्यापार को दोगुना करने की दिशा में हो रही प्रगति और उससे जुड़े निवेशों की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर जारी हुआ बयान
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम मोदी ने रुबियो से राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह किया और भविष्य में भी संवाद जारी रखने की इच्छा जताई। रुबियो रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद वह आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे तथा मंगलवार को क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए फिर दिल्ली लौटेंगे।
Written By Toshi Shah